सागर: सागर। पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने शनिवार को सिविल लाइन में संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष समाजसेवी रिशांक तिवारी के जन्मदिवस समारोह में पहुंचकर शुभाशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा
रिशांक तिवारी समाजसेवा के विभिन्न प्रकल्पों को साथ लेकर आगे बढ़ रहे हैं। चाहे तीज त्योहार का मौका हो या फिर जन्मदिवस का, रिशांक उन्हें ऐसे मनाते हैं कि उनसे दूसरों को लाभ मिले, संदेश पहुंचे। यह बहुत ही अच्छी बात है कि रिशांक ने अपने जन्मदिन पर सीताराम रसोई पहुंचकर जरूरतमन्दों को भोजन कराया। रेस्टोरेंट में असहाय व वंचित वर्ग के बच्चों को लेकर गए और उनके साथ जन्मदिवस मनाकर यादगार मनाया। उन्होंने कहा मैं अक्सर कहता हूं कि अनेक बार लगता है जन्मदिन पर फूल-मालाएं, केक, पटाखे और आतिशबाजी आडंबर की तरह हैं, हालांकि इनमें स्नेह शामिल होता है। आडंबर से ऊपर उठकर हम जन्मदिन को जीवनदायी मानव सेवा के हितार्थ सार्थक आयोजन भी बना सकते हैं। पूर्व मंत्री सिंह ने कहा सभी को अपने जीवन में कोई भी छोटा बड़ा सेवा का प्रकल्प अपनाना चाहिए। रिशांक तिवारी ने कहा भूपेंद्र सिंह जी हमारे आदर्श और मार्गदर्शक हैं।
वे मानव सेवा और विकास की मिसाल हैं। उनके प्रत्येक कार्य में हम व्यापक जनहित और जन कल्याण के दर्शन कर सकते हैं। अपने जन्मदिन को सेवा कार्य से आरंभ करने की प्रेरणा भी उन्हीं से मिली है। इसके पूर्व 11 पंडितों ने स्वस्तिवाचन कर पूजन किया। रिशांक ने नागेश्वर मंदिर में शिवार्चन किया।