खुरई पुलिस ने बहाने से थाने बुलाया, आरोपी हुआ फरार
बीना (सागर)। खुरई नगरपालिका के गुरुनानक देव वार्ड के भाजपा पार्षद मनोज राय के खिलाफ भाजपा की महिला पदाधिकारी ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। महिला नेता ने आरोप लगाया है कि पार्षद ने बहाने से कार में बैठाकर बाइपास ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला ने शिकायत में बताया कि यह घटना मार्च 2024 की है। आरोपी ने उसे डराकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब महिला ने यह बात अपने पति को बताई, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
थाने से भाग निकला आरोपी
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मनोज राय को किसी बहाने से थाने बुलाया। जैसे ही उसे केस दर्ज होने की भनक लगी, वह थाने से भाग निकला। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। अब पुलिस आरोपी की तलाश में अलग-अलग टीमें बनाकर दबिश दे रही है।
पीड़िता ने बताई आपबीती
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि पार्टी कार्यों के दौरान उसकी पार्षद मनोज राय से जान-पहचान हो गई थी। वह उसे भाभी कहकर बुलाता था।
महिला ने कहा,
“24 मार्च 2024 को कार्यालय से घर लौटते समय मनोज ने कहा कि वह मुझे छोड़ देगा। मैं उसकी सफेद कार में बैठ गई। लेकिन वह बाइपास की तरफ ले गया और पठारी चौराहे के पास कार रोककर जबरदस्ती की। धमकी दी कि अगर किसी को बताया, तो मेरे पति को पार्टी से निकाल देगा और मेरी बदनामी करवा देगा।”
महिला ने आगे बताया कि “4 जनवरी 2025 को मेला महोत्सव की बैठक के दौरान भी उसने मेरे साथ जबरदस्ती की। अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”
भाजपा ने किया निष्कासित
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के सागर जिलाध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से मनोज राय को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
पुलिस कर रही तलाश
खुरई पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।